नैनो यूरिया प्लस और नैनो डीएपी जैसे नैनो उर्वरक खेती की दिशा को बदलने की क्षमता रखते हैं – संजय कुडेसिया

Spread the love

बगई कला, सहसों फूलपुर में इफको ने लगाया किसान चौपाल 

प्रयागराज । जनपद के बगई कला, सहसों फूलपुर गांव में आज एक जागरूकता आधारित किसान चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य आधुनिक एवं टिकाऊ खेती की ओर किसानों को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय कुडेसिया, इकाई प्रमुख, इफको फूलपुर थे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि “नैनो यूरिया प्लस और नैनो डीएपी जैसे नैनो उर्वरक खेती की दिशा को बदलने की क्षमता रखते हैं। ये उर्वरक कम मात्रा में अधिक प्रभाव डालते हैं, जिससे लागत घटती है और उत्पादन में वृद्धि होती है।” कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रताप बहादुर सिंह ने की। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी और सुरक्षित बनाएं।

इस अवसर पर इफको फूलपुर के पीआरओ स्वयं प्रकाश ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों के अधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “लगातार रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता घटती है, जल स्रोत प्रदूषित होते हैं और लंबे समय में फसल की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। इसलिए नैनो तकनीक आधारित उर्वरक पर्यावरण और किसान दोनों के लिए सुरक्षित विकल्प हैं।”

इफको के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा नैनो यूरिया प्लस और नैनो डीएपी के प्रयोग की विधि, सही मात्रा, उपयोग का समय और उससे प्राप्त होने वाले लाभों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। किसानों ने चौपाल में खुलकर प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किए। सभी ने ऐसे आयोजन की सराहना की और भविष्य में इस तरह के और कार्यक्रमों की मांग की। कार्यक्रम में अनुराग तिवारी , राजेश सिंह व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *