लखनऊ, ।: एनटीपीसी ने इलेक्ट्रॉन क्विज़ 2026-27 की घोषणा की है। यह एनटीपीसी की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं में जिज्ञासा, ज्ञान और दूरदर्शी सोच को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में पहला क्षेत्रीय चरण 5 सितंबर 2026 को एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय लखनऊ द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।
यह क्विज़ देशभर के नौ क्षेत्रीय केंद्रों—लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में आयोजित की जाएगी। “द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट” विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रत्येक टीम में दो सदस्य होंगे। उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थी लखनऊ में आयोजित क्षेत्रीय चरण में हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय चरण में विजेता टीम को ₹60,000, उपविजेता टीम को ₹40,000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को ₹20,000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। चौथे से छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को ₹8,000 प्रत्येक का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।
क्षेत्रीय चरण से शीर्ष दो टीमें राष्ट्रीय सेमीफाइनल के लिए आगे बढ़ेंगी। प्रत्येक सेमीफाइनल से शीर्ष दो टीमें राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। राष्ट्रीय सेमीफाइनल एवं फाइनल का आयोजन क्रमशः 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को NTPC के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI), नोएडा में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता और भी रोमांचक होगी। प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख, द्वितीय पुरस्कार ₹60,000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹40,000 होगा। चौथे, पांचवें एवं छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को ₹16,000 प्रत्येक, जबकि शेष 12 फाइनलिस्ट टीमों को ₹8,000 प्रत्येक प्रदान किए जाएंगे।
एनटीपीसी लिमिटेड, भारत सरकार की महारत्न कंपनी, देश की सबसे बड़ी एकीकृत ऊर्जा कंपनियों में से एक है, जिसकी स्थापित क्षमता 91 GW से अधिक है। कंपनी सतत ऊर्जा भविष्य की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रही है और वर्ष 2032 तक 60 GW अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखती है। इसके साथ ही एनटीपीसी परमाणु ऊर्जा, बैटरी एनर्जी स्टोरेज, कार्बन कैप्चर और ग्रीन केमिकल्स जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में भी निवेश कर रही है।
