कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के परीक्षार्थियों हेतु रेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था : अतिरिक्त कोच के साथ स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे तैयार 

Spread the love

  प्रयागराज । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा दिनांक 08, 09 एवं 10 जून, 2026 को आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। इसके लिए मंडल कार्यालय स्थित वार रूम में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा विशेष (एग्जाम स्पेशल) ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, इटावा तथा मिर्जापुर स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विशेष ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतिरिक्त परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं हेतु विशेष कार्ययोजना लागू की गई है।

मंडल प्रशासन द्वारा प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला एवं मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन एवं सहायता हेतु स्टेशन परिसरों की गतिविधियों की सतत निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती, पूछताछ काउंटरों की समुचित व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने तथा आरपीएफ एवं जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही प्लेटफार्मों पर परीक्षार्थियों को सही दिशा-निर्देशन एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, परीक्षार्थियों की यात्रा सुविधा को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से आवश्यकता पड़ने पर कुछ नियमित ट्रेनों का विस्तार (एक्सटेंशन), मार्ग में अतिरिक्त ठहराव तथा उनके संचालन समय में परिवर्तन भी किया जा सकता है, जिससे अधिकाधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने एवं वापसी यात्रा में सुविधा प्राप्त हो सके। रेलवे प्रशासन परिस्थितियों एवं यात्री मांग के अनुसार आवश्यक परिचालनिक निर्णय लेते हुए यात्रियों के हित में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। प्रयागराज मंडल सभी परीक्षार्थियों से अपील करता है कि वे समय से स्टेशन पहुँचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि सभी परीक्षार्थियों को समयबद्ध, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *