सोनभद्र । घोरावल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद की है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय के नेतृत्व में घोरावल पुलिस ने यह कार्रवाई की। मामले में 27 मार्च 2026 को मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें चंदौली निवासी कुंवर मौर्य की हत्या कर शव को मिर्जापुर के सिरसी डैम में फेंकने की बात सामने आई थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी खुटहा बाईपास तिराहा पर मौजूद हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से चन्द्रशेखर मौर्य उर्फ मखंचू, साहब लाल मौर्य और लीलावती को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
जांच में सामने आया कि मृतक कुंवर मौर्य और आरोपियों के बीच पैसों के लेन-देन, पारिवारिक विवाद और आपसी रिश्तों को लेकर लंबे समय से तनाव था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजना बनाकर 22 मार्च की रात कुंवर मौर्य को घर बुलाया, खाना खिलाया और सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को कार से ले जाकर सिरसी डैम में फेंक दिया गया।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार होकर ठिकाने बदलते रहे, लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कुल पांच मोबाइल फोन और करीब 2450 रुपये नगद बरामद हुए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। इस पूरे मामले में घोरावल पुलिस की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
