राजभाषा के उत्कृष्ट प्रयोग एवं प्रगति के लिए प्रयागराज मंडल को मिला विशेष पुरस्कार

Spread the love

 प्रयागराज ।   उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज को राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रगति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए वर्ष 2025-26 का विशेष पुरस्कार एवं चल वैजयंती प्रदान की गई। यह पुरस्कार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-1), प्रयागराज द्वारा प्रदान किया गया।

राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा केंद्र सरकार के कार्यालयों, उपक्रमों, बैंकों एवं स्वायत्त निकायों में संघ सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों (नराकास) का गठन किया जाता है। प्रयागराज में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-1) का गठन मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय में किया गया है। समिति की अध्यक्षता श्रीमती मीनाक्षी सिंह, मुख्य आयकर आयुक्त द्वारा की जाती है तथा वर्तमान में समिति के 48 सदस्य कार्यालय हैं।

समिति द्वारा सदस्य कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक रिपोर्ट के आधार पर प्रतिवर्ष पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज को वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा के प्रयोग में हुई प्रगति के लिए चल वैजयंती के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

उक्त पुरस्कार अध्यक्षा, नराकास (कार्यालय-1) एवं मुख्य आयकर आयुक्त, इलाहाबाद श्रीमती मीनाक्षी सिंह, द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज की ओर से दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी ने ग्रहण किया। इस अवसर पर दीपक कुमार ने मंडल रेल कार्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग, प्रचार-प्रसार एवं प्रगति के संबंध में सदस्य कार्यालयों को जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व वर्ष 2023-24 में भी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज को राजभाषा के प्रयोग में हुई प्रगति के लिए चल वैजयंती का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। यह सम्मान प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग एवं उसके निरंतर बढ़ते प्रचलन को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *