सवारियों से भरी पिकअप पलटी, एक दर्जन से ज्यादा घायल, एक की हालत गंभीर

Spread the love

सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में सवारियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह दुर्घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के कमरीडाड़ टोला में चढ़ाई के दौरान हुई, जहां पिकअप अचानक बैक होकर पलट गई। वाहन में तीन दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य संभालते हुए घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोडिंग और लापरवाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *