नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन

Spread the love

हाजीपुर । पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में आज दिनांक 20.07.2026 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तीसरी (संयुक्त) बैठक का आयोजन हुआ. इस बैठक में आयकर विभाग, सीजीएसटी, नाइपर, जीवन बीमा निगम, डाक विभाग, सिपेट, बीएसएनएल, केंद्रीय विद्यालय, भारतीय खाद्य निगम, यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया, सेंट्रल बँक ऑफ़ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ोदा, केनरा बैंक, यूनाइटेड इंडिया इन्शुरन्स आदि कार्यालय के उच्चाधिकारी व प्रतिनिधिगण उपस्थित थे.

इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि राजभाषा हिंदी हमारी संवैधानिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग ही नहीं बल्कि प्रशासन को पारदर्शी तथा जनता से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी है. उन्होंने राजभाषा के प्रयोग को कार्यालयीन कार्यों का स्वाभाविक हिस्सा बनाने को कहा. साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विभिन्न तकनीकी साधनों का उपयोग करने का निर्देश दिया.

आज की बैठक में कार्यसूची के विभिन्न मदों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा हाजीपुर शहर के विभिन्न सरकारी संस्थानों/उपक्रमों/बैंकों में राजभाषा हिंदी के प्रगामी-प्रयोग की गहन समीक्षा की गई और कमियों को दूर करने हेतु कार्य योजना बनाई गई. हिंदी में मूल पत्राचार बढ़ाने, हिंदी कार्यशालाओं का समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने, राजभाषा कार्यान्वयन समितियों के तिमाही बैठक का आयोजन जैसे विषयों पर सदस्य कार्यालयों को दिशा-निर्देश दिए गए. सदस्य कार्यालयों को राजभाषा हिंदी को प्रभावी ढ़ंग से लागू करने के लिए जाँच बिंदु की स्थापना करने के निर्देश दिए गए.

उल्लेखनीय है कि आज की इस महत्वपूर्ण बैठक में पत्रिका प्रकाशन का भी निर्णय लिया गया तथा नराकास/हाजीपुर को कारगर व दक्ष बनाने हेतु नराकास स्तर पर निरीक्षण समिति का गठन किया गया ताकि निरीक्षण के माध्यम से कमियों का पता कर उन्हें दूर किया जा सके.

इस अवसर पर अपने संबोधन में अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि राजभाषा का प्रचार-प्रसार प्रेरणा, प्रोत्साहन और पुरस्कार पर आधारित है. हमें उत्साहवर्धक वातावरण का निर्माण करते हुए अपने सभी अधीनस्थ अधिकारियों कर्मचारियों को अपना मूल कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित करना चाहिए.

मौके पर उपस्थित मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्रीमती सविता गेडाम ने कहा कि महाप्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन में हम राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर सचेष्ट हैं और हमारी कोशिश है कि विभिन्न माध्यमों से सदस्य कार्यालयों के प्रमुख व कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए एवं राजभाषा के विकास के लिए स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जाए. इस महत्वपूर्ण बैठक का संचालन करते हुए केशव त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक (राजभाषा) ने सभी से आग्रह किया कि वे राजभाषा प्रयोग के सभी प्रावधानों को अपने कार्यालयों में लागू कराने के प्रति निरंतर सजग रहें और अपने कार्यालयी कार्यों को शत-प्रतिशत हिंदी में ही निष्पादित करना सुनिश्चित करें. राजभाषा अधिकारी व सदस्य सचिव श्री अनिल कुमार शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही इस बैठक का समापन हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *