चन्दौली। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा जनपद के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे विकास खण्ड नौगढ़ (तहसील नौगढ़) में एक दिवसीय ग्रामोद्योग जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि पात्र अभ्यर्थी इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि जनपद के ऐसे सभी बेरोजगार नवयुवक व नवयुवतियां जिनकी आयु 18 वर्ष से अधिक है और जिन्होंने कम से कम कक्षा 8वीं उत्तीर्ण कर ली है, वे इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
