मतदाता सूची का मिलान पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ सुनिश्चित करें अधिकारी – जिलाधिकारी

Spread the love

सोनभद्र। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के मिलान के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदाता सूची के मिलान की प्रक्रिया पूरी गंभीरता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाए। मतदाता सूची का मिलान निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।


उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी हो तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में सम्मिलित रहें। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के मिलान की कार्रवाई समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची के मिलान के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए तथा प्रत्येक स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में शुद्धता एवं पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, उप जिलाधिकारी सदर आशीष त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल सिंह, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि पासवान, उप जिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *