नर्सिंग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Spread the love

स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका : मुख्यमंत्री*

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का किया शुभारंभ

*कॉलेज में 120 छात्राओं को दिया जाएगा दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण, लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से*

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी या रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उनके उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूर्ण हो चुका है। विशेष बात यह है कि यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

*स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सिंग सेवाओं का महत्वपूर्ण योगदान*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार होते हैं। छत्तीसगढ़ को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है। राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। पिछले 25 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों के उपचार के दौरान नर्सिंग कर्मी निरंतर उनकी देखभाल करते हैं। उनकी संवेदनशीलता, सेवाभाव और समर्पण मरीजों के स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान केवल तकनीकी दक्षता ही प्राप्त न करें, बल्कि मरीजों के प्रति करुणा, सहानुभूति और सेवा की भावना भी विकसित करें। यही गुण उन्हें एक सफल और आदर्श नर्सिंग कर्मी बनाएंगे।

*जनजातीय एवं वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण पहल*

उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन का गठन छत्तीसगढ़ शासन एवं पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के बीच गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम कंपनी के रूप में किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के जनजातीय समूहों सहित अन्य वंचित वर्गों के गरीब युवाओं, महिलाओं एवं तृतीय लिंग समुदाय के लोगों का कौशल विकास और संस्थागत सशक्तीकरण करना है।

आरा में स्थापित नर्सिंग कौशल कॉलेज इसी उद्देश्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यहां छात्राओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इससे न केवल बेटियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, बल्कि प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष जशपुर गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *