प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री शशि प्रकाश द्विवेदी के कुशल मार्ग निर्देशन में स्क्रैप के निस्तारण और बिक्री में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रेलवे बोर्ड द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के लिए दिए गए ₹285 करोड़ रुपये के कुल लक्ष्य के सापेक्ष, उत्तर मध्य रेलवे ने दूसरी तिमाही के मध्य में ही ₹201.91 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल कर लिया है। यह शानदार उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की इसी अवधि के दौरान हुई ₹101.82 करोड़ की बिक्री की तुलना में 98.30% अधिक है।
इस उल्लेखनीय सफलता को प्राप्त करने के लिए महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के कुशल दिशा-निर्देशों और प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एस.पी. द्विवेदी के मार्गदर्शन में स्क्रैप के निस्तारण कार्य को अत्यधिक गति दी जा रही है। रेलवे परिसरों, कारखानों और स्टेशनों को स्वच्छ, सुरक्षित और कबाड़ मुक्त बनाने के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा ‘जीरो स्क्रैप मिशन’ चलाया जा रहा है, जिसमें उत्तर मध्य रेलवे अग्रणी भूमिका निभा रहा है। स्क्रैप के त्वरित निस्तारण से न केवल रेलवे को भारी मात्रा में राजस्व प्राप्त हो रहा है, बल्कि रेलवे की कीमती भूमि और कार्यस्थलों को भी खाली कराकर उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
आने वाले महीनों में भी स्क्रैप की ई-नीलामी और निस्तारण की इस तेज रफ्तार को बरकरार रखा जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे ‘जीरो स्क्रैप’ का लक्ष्य हासिल करने, सर्वाधिक बिक्री का रिकॉर्ड बनाने, अधिक से अधिक राजस्व प्राप्त करने एवं अपने परिसरों को स्वच्छ व सुरक्षित रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
