उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय,प्रयागराज में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन

Spread the love

संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित किए गए 24 कार्यक्रम

 प्रयागराज ।  उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज द्वारा 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय पोषण माह (राष्ट्रीय पोषण माह-2026) का आयोजन किया गया। इस एक माह तक चले अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों, बच्चों एवं उनके परिवारों के बीच संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

इस अभियान के अंतर्गत केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज के साथ मिर्जापुर, सूबेदारगंज एवं नैनी स्थित स्वास्थ्य इकाइयों, कोर/प्रयागराज, प्रयागराज स्टेशन, गार्ड लॉबी/प्रयागराज तथा बाल वाटिका विद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 24 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पोषण के महत्व, स्वास्थ्य के प्रति सजगता तथा बेहतर जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

यह अभियान प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, डॉ. गोपा मजूमदार; चिकित्सा निदेशक, डॉ. राकेश निगम एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. सुरेंद्र नाथ के मार्गदर्शन में अपर मुख्य स्वास्थ्य निदेशक डॉ. कल्पना मिश्रा एवं सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रीना अग्रवाल के सहयोग से संपन्न हुआ। अभियान की रूपरेखा तैयार करने, समन्वय स्थापित करने एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ सुश्री अर्पणा सक्सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने परिवार नियोजन विभाग एवं चिकित्सकों की टीम के साथ समन्वय कर विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया।

अभियान के दौरान बच्चों की वृद्धि की नियमित निगरानी एवं पोषण संबंधी परामर्श पर विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत बच्चों की शारीरिक वृद्धि और पोषण स्थिति का आकलन किया गया। साथ ही, बॉडी कंपोजिशन एनालिसिस (BCA) के माध्यम से शरीर से संबंधित महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों की जानकारी देकर स्वस्थ शारीरिक संरचना के प्रति जागरूक किया गया।

इन गतिविधियों के माध्यम से समय रहते स्वास्थ्य जोखिमों की पहचान, उचित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित किया गया। इस पहल के साथ उत्तर मध्य रेलवे ने रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ, जागरूक और पोषण के प्रति सजग बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *