सेवा, सुरक्षा व सुशासन के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रम का प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने किया शुभारंभ

Spread the love

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार की “सेवा, सुरक्षा व सुशासन” नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डीपीआरसी, नियामताबाद में  भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के  समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ने फीता काट कर किया।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में जनहित में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण समाज के सभी वर्गों को विकास का लाभ मिल रहा है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया एवं उनकी सराहना की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना, उद्योग विभाग, चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण एवं प्रोबेशन सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों, किसानों एवं युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, जिसके लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि चंदौली जिले का विकास अभूतपूर्व गति से हो रहा है। उन्होंने बताया कि 2017 में जनपद का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) मात्र 7,443 करोड़ रुपए था, जो 2023 में बढ़कर 14,998 करोड़ रुपए हो गया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की योजनाओं एवं जनहितकारी नीतियों का ही परिणाम है कि जिले में आर्थिक उन्नति देखने को मिल रही है।

चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने अपने संबोधन में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर सरकार सबका विकास कर रही है।

जिलाधिकारी  निखिल टी. फुंडे ने अपने संबोधन में बताया कि जिले में किसानों, मजदूरों एवं गरीबों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 2,70,099 किसानों को 718 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 9,567 किसानों को फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रभारी मंत्री  सहित विधायक गण,सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के पश्चात प्रभारी मंत्री द्वारा मीडिया बंधुओं के साथ पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक दलों एवं बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जो उपस्थित जनसमूह को खूब पसंद आईं। इस भव्य आयोजन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख गण,नगर पंचायत अध्यक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण,मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाई के राय, डीडीओ सपना अवस्थी,जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा,उपनिदेशक कृषि,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी,जी एम डीआईसी,जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों सहित आम जनमानस उपलब्ध रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *