, मृतक राहुल के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया
सीतापुर, लखनऊ। जनपद सीतापुर के ग्राम राजेपुर मजरा हेमपुर, तहसील सदर निवासी राहुल पुत्र मुनेन्द्र की कल प्रदेश में आये आंधी-तूफान के दौरान आम का पेड़ गिरने से हुई आकस्मिक मृत्यु पर आज जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मयंकेश्वर शरण सिंह ने शोक संतप्त परिवार से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रभारी मंत्री ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी संवेदना के साथ परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में हुई जनहानि पर सरकार द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर मंत्री ने मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में मृतक राहुल के परिजनों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवार को अन्य आवश्यक सहायता भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए। मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और सुदृढ़ किया जाए तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं से जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
