तीन दिवसीय प्रदर्शनी का प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ

Spread the love

सोनभद्र। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष प्रदर्शनी का आगाज हुआ। जनपद के प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने फीता काटकर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी के प्रत्येक स्टाल और प्रदर्शित चित्रों का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई यह प्रदर्शनी सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत दस्तावेज है। प्रदर्शनी में मुख्य रूप से मिशन शक्ति, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और बुनियादी ढांचे के विकास (एक्सप्रेस-वे व एयरपोर्ट) से जुड़ी उपलब्धियों को चित्रों और डेटा के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि इस प्रदर्शनी का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण और शहरी जनता तक पहुँचाया जाए ताकि वे जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठा सकें। तीन दिनों तक चलेगी प्रदर्शनी सूचना विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक कलेक्ट्रेट परिसर में आम जनता के लिए उपलब्ध रहेगी। उद्घाटन अवसर पर विधायक घोरावल डाॅ0 अनिल कुमार मौर्या, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के अन्य आला अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *