प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश, राहत शिविरों में चिकित्सा सुविधाओं का भी किया निरीक्षण
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज लखनऊ के बाढ़ प्रभावित फैजुल्लागंज-दाउदनगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। मंत्री श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों सहित दैनिक आवश्यकताओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें समय पर राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने और स्थानीय लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री श्री शर्मा ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को निर्देशित किया कि राहत शिविरों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने पर भी जोर दिया।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप राहत सामग्री एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति की निरंतर निगरानी करें और लोगों को राहत पहुंचाने के कार्यों में तत्परता बरतें।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा राहत सामग्री वितरित की गई।राहत सामग्री मिलने पर स्थानीय निवासियों ने उनका धन्यवाद दिया। प्रभावित परिवारों ने संकट की इस घड़ी में सहायता उपलब्ध कराने के लिए मंत्री श्री शर्मा एवं सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
