कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल सीएमडी के साथ सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक

Spread the love

 सुरक्षा एवं समन्वय को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल के साथ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों –  प्रबोध चंद्र (महानिरीक्षक सीआईएसएफ) एवं  जे. के. तिवारी (उप महानिरीक्षक) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें हाल के घटनाक्रमों के संदर्भ में सीआईएसएफ की भूमिका पर विशेष रूप से विचार किया गया। चर्चा के दौरान बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में सीआईएसएफ द्वारा नियमित फ्लैग मार्च आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो सके। खदानों के निरीक्षण के दौरान प्रत्येक क्षेत्रीय महाप्रबंधक के साथ सीआईएसएफ की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इसके अतिरिक्त, सीआईडब्ल्यू (CIW) तथा सीआईएसएफ व्यवस्था के समग्र सुदृढ़ीकरण एवं पुनर्गठन (ओवरहॉलिंग) पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही अवैध कोयला खनन एवं कोयला चोरी पर नियंत्रण के लिए ठोस एवं समन्वित कार्रवाई, प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया को मजबूत करने तथा बीसीसीएल के कर्मचारियों के बीच सुरक्षा के प्रति विश्वास और भरोसा बढ़ाने के उपायों पर भी गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया जा सके।

बैठक के अंत में आईजी एवं डीआईजी ने बीसीसीएल प्रबंधन को आश्वस्त किया कि सीआईएसएफ बल द्वारा और अधिक सतर्क, सक्रिय एवं समर्पित सेवाएं प्रदान की जाएंगी तथा कंपनी की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक सकारात्मक एवं सहयोगपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तर पर ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। यह बैठक बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संगठनात्मक सुदृढ़ता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *