केएसटीपीपी के कार्यालय परिसर में मीडिया कवरेज कॉर्नर का शुभारंभ

Spread the love

खुर्जा। खुर्जा सुपर ताप विद्युत परियोजना (केएसटीपीपी) के नवीन कार्यालय परिसर में परियोजना की उपलब्धियों एवं सूचना प्रसार को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मीडिया कवरेज कॉर्नर का शुभारंभ किया गया। इस कॉर्नर का उद्घाटन परियोजना प्रमुख  बी. के. साहू द्वारा किया गया। मीडिया कवरेज कॉर्नर में विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया माध्यमों में प्रकाशित केएसटीपीपी की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण पड़ावों, कार्यक्रमों तथा विविध गतिविधियों से संबंधित समाचारों को प्रदर्शित किया गया है। यह कॉर्नर परियोजना से जुड़ी महत्वपूर्ण मीडिया कवरेज को एक ही स्थान पर संकलित कर प्रस्तुत करेगा, जिससे कर्मचारियों, आगंतुकों एवं अन्य हितधारकों को परियोजना की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की समग्र जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

इस पहल की विशेषता यह है कि परियोजना से संबंधित समाचारों के अतिरिक्त इसमें विद्युत क्षेत्र की नवीनतम गतिविधियों, विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू) की महत्वपूर्ण उपलब्धियों, सरकारी नीतियों, ऊर्जा क्षेत्र के उभरते रुझानों तथा अन्य प्रासंगिक राष्ट्रीय एवं औद्योगिक समाचारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को न केवल परियोजना की प्रगति की जानकारी मिलेगी, बल्कि वे विद्युत एवं सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़े समसामयिक विषयों से भी अवगत रह सकेंगे।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख  बी. के. साहू ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया कवरेज कॉर्नर परियोजना की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ ज्ञान एवं सूचना साझा करने का एक प्रभावी मंच सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों में संगठन के प्रति गर्व की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी तथा उन्हें विद्युत क्षेत्र की नवीनतम गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त होगी।

डॉ. प्रभात कुमार सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) ने बताया कि  मीडिया कवरेज कॉर्नर परियोजना की उपलब्धियों को संरक्षित करने के साथ-साथ संगठन की सकारात्मक छवि एवं बढ़ती पहचान को भी प्रदर्शित करेगा। भविष्य में यह कॉर्नर केएसटीपीपी की उपलब्धियों के दस्तावेजीकरण के साथ-साथ विद्युत क्षेत्र, सार्वजनिक उपक्रमों एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सूचनाओं का एक उपयोगी ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित होगा। इस  शुभारंभ के अवसर पर  ईश्वर दत्त तिगा (मुख्य महाप्रबंधक)  दिलीप कुमार द्विवेदी (उप महाप्रबंधक), मानव संसाधन,  संजीव नौटियाल  समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *