पीवीयूएनएल बनहरदी कोल माइनिंग परियोजना द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ

Spread the love

लातेहार । पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) बनहरदी कोल माइनिंग परियोजना की सामुदायिक विकास पहल के अंतर्गत आज उपायुक्त कार्यालय, लातेहार परिसर में मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर लातेहार के माननीय उपायुक्त संदीप कुमार एवं पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अशोक कुमार सहगल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना किया। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट बनहरदी कोल माइनिंग परियोजना क्षेत्र तथा उसके आसपास के लक्षित एवं समीपवर्ती गांवों के निवासियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु संचालित की जाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि यह पहल दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाओं का वितरण तथा स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे स्थानीय समुदाय को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO)  अशोक कुमार सहगल ने कहा कि यह मोबाइल मेडिकल यूनिट की सुविधा उपायुक्त, लातेहार के मार्गदर्शन एवं निर्देशों तथा परियोजना प्रभावित एवं आसपास के ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में स्वास्थ्य अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण अथवा ग्रामीण समुदाय की किसी भी आवश्यक आवश्यकता के संबंध में यदि स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता उत्पन्न होती है, तो पीवीयूएनएल बनहरदी परियोजना उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने हेतु सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेगा। भविष्य में भी परियोजना प्रभावित ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए उनकी जरूरतों को पूरा करने हेतु विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक पहल की जाती रहेंगी।  कार्यक्रम में पीवीयूएनएल के महाप्रबंधक (बनहरदी)  एन. के. मलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्रीमती शिप्रा रानी, अपर महाप्रबंधक, (सी एंड एम)  विजय कुमार केजरीवाल, अपर महाप्रबंधक (पी एंड एस)  नवदीप झा, अपर महाप्रबंधक,(कोल माइनिंग)  एम. चंद्रशेखर, एजीएम (माइनिंग)  असीम मिश्रा, एजीएम (एलए/आर एंड आर)  आर. बी. सिंह, एजीएम (इन्फ्रा)  सिद्धार्थ शंकर सहित पीवीयूएनएल  बनहरदी  कोल माइनिंग परियोजना एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *