प्रयागराज । मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक हरी मोहन के निर्देशन में प्रयागराज मंडल के प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल एवं एक्सेसरीज़ कियोस्क का शुभारंभ किया गया है। भारतीय रेलवे की गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में वृद्धि करने तथा यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस कियोस्क का आवंटन ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया गया है।
यह कियोस्क “मोबाइल एंड एक्सेसरीज़ कियोस्क कम अदर्स यूटिलिटी आइटम्स (Mobile & Accessories Kiosk Cum Other Utility Items)” श्रेणी के अंतर्गत पाँच वर्ष की अवधि के लिए स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से यात्रियों को मोबाइल फोन, हेडफोन, ईयरबड्स, ब्लूटूथ स्पीकर, चार्जर, पावर बैंक, स्क्रीन प्रोटेक्टर, मोबाइल कवर, मेमोरी कार्ड, फोन स्टैंड सहित विभिन्न प्रकार की मोबाइल एक्सेसरीज़ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त सिम कार्ड एवं रिचार्ज सेवाएँ, मनी ट्रांसफर सुविधा, बच्चों के खिलौने, टेडी बियर, उपहार सामग्री तथा फूल, सजावटी पौधों एवं हॉर्टिकल्चर संबंधी वस्तुओं की बिक्री की भी अनुमति प्रदान की गई है।
प्रयागराज छिवकी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थापित यह कियोस्क यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगा। यात्रा के दौरान चार्जर, हेडफोन, ईयरबड्स अथवा अन्य आवश्यक मोबाइल एक्सेसरीज़ की तत्काल आवश्यकता होने पर यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही यह सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी। इससे यात्रियों को बेहतर एवं त्वरित सेवा मिलने के साथ-साथ भारतीय रेलवे की गैर-किराया आय में भी वृद्धि होगी। प्रयागराज मंडल यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी स्टेशन परिसरों में यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा गैर-किराया राजस्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार की यात्री-केंद्रित योजनाओं का निरंतर विस्तार किया जाता रहेगा।
