सोनभद्र। जिला अस्पताल लोढ़ी में प्रत्येक शनिवार को संचालित होने वाली ‘श्रीप्रसाद अर्पण, भक्त समर्पण’ सेवा के तहत इस सप्ताह भी मरीजों, उनके परिजनों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। सेवा कार्य में जुड़े स्वयंसेवकों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर श्रद्धा और समर्पण भाव के साथ लोगों को प्रसाद ग्रहण कराया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ उनके तीमारदारों और अन्य जरूरतमंद लोगों को भी प्रसाद वितरित किया गया। सेवा से जुड़े लोगों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल भोजन वितरण नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को पहुंचाना है। सेवा कार्य में रोहित मिश्रा, वरुण त्रिपाठी, आशीष पाण्डेय, धीरज पाण्डेय और अर्पित त्रिपाठी ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने अस्पताल परिसर में उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरित कर उनके कुशलक्षेम की कामना की। इस अवसर पर श्री प्रसादम् परिवार के सदस्यों ने कहा कि यह अभियान किसी प्रकार के प्रचार-प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि प्रभु भक्ति और मानव सेवा का एक विनम्र प्रयास है। प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अब जरूरतमंदों के लिए सहारा बनने के साथ-साथ समाज में सेवा और परोपकार की भावना को भी मजबूत कर रहा है।
मरीजों मे खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया
