पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा – अनुराग उपाध्याय

Spread the love

विश्व हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सिंगरौली में पत्रकारों का सम्मान,  मीडिया की भूमिका और चुनौतियों पर हुआ मंथन

सिंगरौली। विश्व हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड की महान एल्युमीनियम इकाई, बरगवां द्वारा भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। समारोह के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, आधुनिक सूचना तंत्र की चुनौतियों तथा उद्योग जगत की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ  श्री गणेश वंदना व जुगल किशोर शुक्ल को पुष्प अर्पित कर पत्रकारिता को समर्पित गीत “मैं पत्रकार हूँ” से हुआ। गीत के माध्यम से पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों को भावुक कर दिया।

मुख्य अतिथि एवं स्वदेश के राज्य संपादक अनुराग उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि आज सूचना क्रांति के दौर में इलेक्ट्रॉनिक, वेब और सोशल मीडिया ने समाचारों के प्रसार को नई गति दी है, लेकिन इसके साथ निष्पक्षता, विश्वसनीयता और तथ्यपरकता बनाए रखना भी बड़ी चुनौती बन गया है।

उन्होंने कहा कि विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज की सच्ची सेवा है। मीडिया की जिम्मेदारी केवल खबरें देना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना भी है। अनुराग उपाध्याय ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 30 मई 1826 को आचार्य जुगल किशोर शुक्ल ने कोलकाता से प्रथम हिंदी समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन प्रारंभ किया था। तभी से हिंदी पत्रकारिता सामाजिक चेतना, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण की सशक्त वाहक बनी हुई है।

वैश्विक स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा रहा है हिंडालको : लिनू पंचमन

महान एल्युमीनियम बरगवां के इकाई प्रमुख लीनू पंचमन ने कहा कि हिंडालको आज दुनिया के 100 से अधिक देशों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है और भारतीय उद्योग जगत का गौरव बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा निर्मित एल्युमीनियम का उपयोग भारत के ऐतिहासिक चंद्रयान मिशन सहित कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परियोजनाओं में किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल, मोबाइल निर्माण, घरेलू उपकरणों, ऊर्जा एवं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में हिंडालको के उत्पादों का व्यापक उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज, उद्योग और प्रशासन के बीच संवाद और विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा सकारात्मक पत्रकारिता विकास को नई दिशा देती है।

सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है कंपनी : डॉ. विवेकानंद मिश्रा

मानव संसाधन  प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि महान एल्युमीनियम बरगवां केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और ग्रामीण उत्थान के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में मीडिया एक महत्वपूर्ण भागीदार है। वित्त प्रमुख रोहित मतेती ने कहा कि किसी भी उद्योग की सफलता केवल आर्थिक उपलब्धियों से नहीं मापी जाती, बल्कि समाज के प्रति उसकी जवाबदेही और पारदर्शिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया और उद्योग के बीच सकारात्मक संवाद से जनविश्वास मजबूत होता है तथा विकास की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनती है।

जनसंपर्क प्रबंधक संजय सिंह ने कहा कि भारतीय परंपरा में देवर्षि नारद को प्रथम पत्रकार माना जाता है, जिन्होंने संवाद और सूचना के आदान-प्रदान की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज के पत्रकार भी सत्य, निष्पक्षता और जनहित की उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और समाज व उद्योग के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रश्नकाल आधारित खुला संवाद सत्र रहा, जिसका संचालन जनसम्पर्क विभाग से बीरेंद्र पाण्डेय ने किया। संवाद सत्र में पत्रकारों ने औद्योगिक विकास, स्थानीय रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक दायित्वों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। इकाई प्रमुख लिनू पंचमन, मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, वित्त प्रमुख रोहित मतेती तथा स्वदेश के राज्य संपादक अनुराग उपाध्याय ने पत्रकारों के प्रश्नों के विस्तृत उत्तर दिए और कंपनी की योजनाओं, उपलब्धियों तथा भविष्य की प्राथमिकताओं की जानकारी साझा की। संवाद सत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और समाज-उद्योग सहभागिता को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

*अनुराग उपाध्याय को मिला “महान कलमवीर सम्मान”*

समारोह के दौरान स्वदेश के राज्य संपादक अनुराग उपाध्याय को निर्भीक, निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता के लिए “महान कलमवीर सम्मान” से सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, सम्मान पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को उत्कृष्ट ग्राउंड रिपोर्टिंग, सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कंपनी प्रबंधन ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर जनसंपर्क प्रबंधक संजय सिंह, बीरेंद्र पाण्डेय सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन की संपूर्ण व्यवस्थाओं, अतिथि सत्कार, समन्वय एवं संचालन संबंधी तैयारियों में उत्कर्ष भल्लिका, विजय वैश्य, राजीव रंजन, प्रवीण श्रीवास्तव, नीरज गुप्ता, ओम प्रकाश गेरूला, शीतल श्रीवास्तव एवं दीपक का विशेष सहयोग रहा। कंपनी प्रबंधन एवं जनसंपर्क विभाग ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम ने पत्रकारिता के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण तथा समाज और उद्योग के बीच साझा जिम्मेदारी के संदेश को प्रभावी ढंग से सामने रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *