सोनभद्र, सिंगरौली। शनिवार को एनसीएल की बीना परियोजना में अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (मानव संसाधन) राजेश त्रिवेदी उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन के दौरान श्री त्रिवेदी ने उपस्थित सभी से खेल-कूद को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करने हेतु आह्वान किया और विजेता खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु बधाई दी.।
अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतिस्पर्धा के समापन समारोह के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक (बीना ) प्रदीप कुमार जाना, श्रमिक संघ के जेसीसी सदस्य सीएमएस से अजय कुमार, बीएमएस से श्याम धर दुबे , आरसीएस से लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से अशोक कुमार पांडेय और सीएमओएआई महासचिव, सर्वेश सिंह, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। 20 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में एनसीएल की सभी परियोजना और इकाइयों से आई हुई 13 टीमों के कुल 91 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता के दौरान डुप्लीकेट टीम चैंपियनशिप स्पर्धा एवं पेयर्स स्पर्धा में मैच खेले गए । इस दौरान डुप्लीकेट टीम चैंपियनशिप में बीना परियोजना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और ककरी क्षेत्र द्वितीय और दुधीचुआ क्षेत्र तृतीय स्थान पर रहे। पेयर्स स्पर्धा में कृष्णशिला क्षेत्र से सतीश दीक्षित एवं सुशांत पुष्टि ने पहला, मुख्यालय से प्रताप सिंह यादव एवं अर्जित भट्टाचार्य ने दूसरा और बीना क्षेत्र से श्री अमित कुमार सिंह एवं विष्णु चरण नाहक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा प्रतिवर्ष कर्मियों के शारीरिक व मानसिक विकास हेतु विभिन्न खेल– कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है।
