ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन, 39 पदकों के साथ चौथा स्थान

Spread the love

नई दिल्ली । ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण सहित कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीमती नीता एम. अंबानी ने भारतीय दल को हार्दिक बधाई देते हुए खिलाड़ियों के समर्पण, संघर्ष और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

श्रीमती नीता अंबानी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में टीम इंडिया का प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि 39 पदकों की यह उपलब्धि खिलाड़ियों के अथक परिश्रम, त्याग, समर्पण और देश के लिए कुछ कर गुजरने के जज्बे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय मुक्केबाजों ने रिकॉर्ड पदक जीतकर नया इतिहास रचा, जबकि महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के अधिकांश स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि अवसर मिलने पर वे विश्व के सबसे बड़े मंच पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।

नीता अंबानी ने भारतीय पैरा-एथलीटों के प्रदर्शन की भी विशेष सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उनकी हिम्मत, दृढ़ संकल्प और अटूट आत्मविश्वास देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने विशेष रूप से रिलायंस फाउंडेशन से जुड़े खिलाड़ियों लवलीना बोरगोहेन, मुरली श्रीशंकर और तेजस्विन शंकर के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन जमीनी स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

नीता अंबानी ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2030 में भारत में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश की नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि भारत की खेल यात्रा अभी शुरुआत है और देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी आना बाकी है। अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता प्रत्येक युवा भारतीय को निडर होकर सपने देखने, उन्हें पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करने और गर्व के साथ तिरंगा लहराने की प्रेरणा देती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *