सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने 29 अगस्त 2026 को फिट इंडिया की थीम “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं खेल भावना के साथ मनाया। डॉ. बी. आर. अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित समारोह का शुभारंभ हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) तथा वरिष्ठ प्रबंधन टीम ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात एनटीपीसी गीत एवं खेल प्रतिज्ञा का आयोजन किया गया। खेल प्रतिज्ञा अंग्रेजी में किशोर कुमार होता द्वारा तथा हिंदी में एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) द्वारा दिलाई गई।
इस अवसर पर 200 से अधिक कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों में पुरुष एवं महिला 100 मीटर दौड़, पुरुष, महिला एवं मिश्रित रिले दौड़ तथा मेंटर–मेंटी रेस जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी फिटनेस, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया।
30 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का समापन एक ऊर्जावान साइकिल रैली के साथ हुआ। रैली का नेतृत्व किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल)ने किया। इसमें एनटीपीसी विंध्याचल के कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली को संबोधित करते हुए किशोर कुमार होता ने फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इस अवसर पर डॉ. बी. के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएं), शिवप्रसाद, महाप्रबंधक (एफएम), सुश्री मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), प्रणव वर्मा, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा दक्षिण अफ्रीका से आए ESKOM के प्रतिनिधियों ने भी साइकिल रैली में सहभागिता की।राष्ट्रीय खेल दिवस के इन आयोजनों ने एनटीपीसी विंध्याचल की स्वस्थ, सक्रिय, समावेशी एवं खेल-केंद्रित कार्य संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। उत्साह, सहभागिता और खेल भावना से भरपूर इन कार्यक्रमों ने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
