यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव एवं ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ नहीं ले जाने के प्रति किया गया जागरूक
प्रयागराज। दीपावली एवं आगामी छठ पूजा के त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलगाड़ियों में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत उप निरीक्षक श्री राहत सिंह यादव एवं सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने स्टाफ के साथ गाड़ी संख्या 14163 अप संगम एक्सप्रेस सहित स्टेशन के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की। इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय एवं अन्य स्थानों की भी जांच की गई। जांच के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई।
अभियान के दौरान ट्रेनों में जहरखुरानी एवं ज्वलनशील पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए अनजान व्यक्तियों से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार नहीं करने तथा यात्रा के दौरान अपने सामान एवं खानपान के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। इसके साथ ही यात्रियों को पटाखे, पेट्रोल, डीजल एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर ट्रेन में यात्रा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया गया, ताकि त्योहारों के दौरान रेल यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे। रेलवे प्रशासन द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं।
