93 लाख की अवैध शराब बरामद, हिमाचल प्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

 रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता

 लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में की जा रही अंतरराज्यीय अवैध अंग्रेजी शराब

सोनभद्र। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी और हिन्दुआरी, चुर्क व लोढ़ी की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से 625 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए हिमाचल प्रदेश निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब, कोल्ड ड्रिंक और ट्रक की कुल अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, तस्करों ने शराब को लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपा रखा था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। तलाशी में रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की कुल 9,588 शीशियां मिलीं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये, कोल्ड ड्रिंक की कीमत 2.85 लाख रुपये और ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। संदिग्ध ट्रक की जांच में खुला मामला पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की तस्करी और कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही थी।पुलिस के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की ओर सड़क से हटकर एक ट्रक मैदान में खड़ा है।सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक की जांच की। केबिन में बैठे दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान नसीब चंद राजपूत और कृष्णपाल राजपूत के रूप में बताई। दोनों ने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदी होने की बात कही और इसके समर्थन में इनवॉइस तथा ई-वे बिल भी दिखाए। हालांकि, दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि आरोपियों ने बताया कि माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर रांची ले जाया जा रहा था। दस्तावेजों और उनके बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।625 पेटियों में मिलीं 9,588 शीशियां पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड शामिल हैं। 
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 15 अक्टूबर 2026 को रात गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक के मालिक द्वारा माल लोड कराए जाने की बात सामने आई है।  पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।बरामद शराब, ट्रक, मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेजों को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *