फरसगांव में भव्य श्रमिक सम्मेलन का हुआ आयोजन

Spread the love

*श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम*

*226 हितग्राहियों के खाते में 31 लाख रूपए से अधिक की राशि अंतरित*

रायपुर। राज्य शासन द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कोण्डागांव जिले के जनपद पंचायत नवीन सभाकक्ष फरसगांव में आज शुक्रवार को श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 226 हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से 31.86 लाख रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। जिसके अंतर्गत मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 22 श्रमिकों को 4.40 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 162 हितग्राहियों को 3.06 लाख, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 8 हितग्राहियों को 8 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 17 हितग्राहियों को 3.40 लाख रुपये, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 5 हितग्राहियों को 1 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के अंतर्गत 12 श्रमिकों को 12 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार ने श्रमिकों के हित में चार नई श्रम संहिताएँ लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जो श्रमिकों और उनके परिवारों के आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 45 प्रतिशत आबादी असंगठित क्षेत्र में कार्यरत है, जिनके विकास के बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष फरसगांव मानकू राम नेताम ने कहा कि राज्य शासन द्वारा श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में 31 से अधिक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी प्रत्येक श्रमिक तक पहुँचना आवश्यक है, तभी वे इसका समुचित लाभ ले सकेंगे। नगर पालिका फरसगांव अध्यक्ष श्री प्रशांत पात्र ने श्रमिकों को संबोधित किया और कहा कि योजनाओं का लाभ सभी व्यक्तियों को मिले। श्रमिक सम्मेलन का उद्देश्य भी यही है कि अधिक से अधिक श्रमिक भाई-बहन योजनाओं से जुड़ें और लाभान्वित हों। कार्यक्रम के अंत में विभाग के द्वारा श्रमिकों को भोजन कराया गया लगभग 500 श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर पालिका फरसगांव उपाध्यक्ष मूलचन्द पांडे, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती मनीषा नेताम, जनपद पंचायत सदस्य सुकरु राम मंडावी, जनपद पंचायत सदस्य निर्मल नाग, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती बुधियारिन नाग, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती लीलावती नेताम, मजदूर संघ के पदाधिकारी लाल सिंह, हेमराज भारद्वाज, चन्द्रशेखर नाग, हिरासिंह नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *