गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हिंडालको में रामलीला का भव्य शुभारंभ, कलाकारों ने लिया आदर्शों के पालन का संकल्प

Spread the love

 रेणुकूट,सोनभद्र। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रामलीला मंचन 2026 के सफल आयोजन एवं मंगलमय शुभारंभ की कामना के साथ हिंडालको रामलीला परिषद के परिसर में विधि-विधान से भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर हिंडालको रेणुकूट के यूनिट हेड समीर नायक एवं क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह ने भगवान श्रीराम की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा रामलीला मंचन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए समीर नायक ने कहा कि हिंडाल्को रेणुकूट की रामलीला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि पूरे हिंडालको परिवार की गौरवशाली परंपरा और सोनभद्र जनपद की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। यह आयोजन श्रद्धा, समर्पण, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। रेणुकूट की रामलीला से प्रेरणा लेकर आज रेणुसागर, महान तथा ओडिशा में भी रामलीला मंचन की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
वहीं क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह ने कलाकारों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि रामलीला का मंचन करना ही हमारा अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि भगवान श्रीराम के जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं, आदर्शों, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भाव को अपने जीवन में उतारना भी उतना ही आवश्यक है। रामलीला हमें सत्य, त्याग और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के दौरान श्री रामलीला परिषद के अध्यक्ष प्रमोद कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष अजय सिन्हा, सचिव आदित्य प्रकाश पाण्डेय, कोषाध्यक्ष पद्माकर मिश्रा, वित्त प्रमुख विजॉय सिंह, सेफ्टी हेड  जयश्री तिवारी, आईटी हेड सुनील कांत पांडेय, टाउनशिप हेड राजेश तिवारी, जनसंपर्क विभाग प्रमुख यशवंत कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, रामलीला परिषद के पदाधिकारी, कलाकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीराम के जयघोष एवं रामलीला मंचन सफलता की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने रामलीला की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी तक इसके आदर्शों को पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *