बालिका सशक्तिकरण अभियान,2026 का भव्य समापन

Spread the love

70 बालिकाओं ने आत्मविश्वास, नेतृत्व एवं जीवन कौशल की नई उड़ान भरी

औरैया।एनटीपीसी औरैया परियोजना में आयोजित एक माह की निःशुल्क आवासीय बालिका सशक्तिकरण अभियान (Girl Empowerment Mission – GEM) का भव्य समापन समारोह उत्साह, उल्लास एवं भावनात्मक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। 17 मई 2026 से प्रारम्भ हुए इस अभियान में जनपद औरैया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की 70 बालिकाओं ने सहभागिता कर शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा जीवन कौशल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति प्राप्त की। इस कार्यशाला का समापन 14 जून, 2026 को किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि, परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी औरैया)शुभाशीष गुहा एवं अध्यक्षा, जागृति महिला मंडल, मंजरी गुहा रहीं। उनके साथ अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, जागृति महिला मंडल की समिति-सदस्याएँ, GEM फैकल्टी सदस्य, प्रतिभागी बालिकाएँ एवं उनके अभिभावकों सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को मेडिकल किट वितरित की गईं, जिनमें दैनिक उपयोग की आवश्यक दवाइयाँ एवं प्राथमिक उपचार संबंधी सामग्री शामिल थी।

एक माह के सघन प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को कंप्यूटर शिक्षा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, योग, कला एवं शिल्प, खेलकूद तथा जीवन कौशल जैसे विविध विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान बालिकाओं ने न केवल नई जानकारियाँ अर्जित कीं, बल्कि आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी व्यक्तित्व के रूप में स्वयं को विकसित किया।

समापन समारोह में बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। देशभक्ति, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस अभियान ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास प्रदान किया है।

परियोजना प्रमुख एनटीपीसी औरैया,  शुभाशीष गुहा ने अपने सम्बोधन में कहा कि “गर्ल एम्पावरमेंट मिशन केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। एनटीपीसी का उद्देश्य समाज की बेटियों को अवसर, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास प्रदान कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु सक्षम बनाना है।” बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंनें कहा कि “आप सभी बेटियाँ देश का भविष्य हैं। शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएँ।”

 “एनटीपीसी औरैया समाज के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बालिका सशक्तिकरण अभियान जैसी पहलें भविष्य की सशक्त एवं आत्मनिर्भर पीढ़ी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आने वाले वर्षों में भी इस अभियान को और अधिक प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।”

कार्यक्रम का समापन बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ, जिसने उपस्थित सभी जनों को प्रेरणा एवं गर्व का अनुभव कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *