एनटीपीसी काँटी में बालिका सशक्तीकरण अभियान 2026 का शुभारंभ

Spread the love

एनटीपीसी कांटी में सोमवार को नैगमिक सामाजिक दायित्व  (CSR) पहल के अंतर्गत “बालिका सशक्तीकरण अभियान–2026” का शुभारंभ किया गया। “सशक्त बालिका, सशक्त काँटी” थीम पर आयोजित इस विशेष आवासीय अभियान का उद्घाटन परियोजना प्रमुख संजीब कुमार सुआर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

यह अभियान 26 मई से 20 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें काँटी प्रखंड के विभिन्न गांवों से चयनित 50 बालिकाएँ भाग ले रही हैं। ये बालिकाएँ क्षेत्र के 9 विद्यालयों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है।

चार सप्ताह तक चलने वाले इस निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्राओं को गणित, अंग्रेजी, हिंदी, विज्ञान आदि विषयों की शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को पौष्टिक भोजन, सुरक्षित आवास एवं आवश्यक अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए योग, नृत्य, संगीत, पेंटिंग, खेलकूद तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही छात्राओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण देकर डिजिटल शिक्षा से भी जोड़ा जाएगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख संजीब कुमार सुआर ने कहा, “एनटीपीसी काँटी सदैव क्षेत्र के विकास एवं सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध रही है। बालिका सशक्तीकरण अभियान हमारी ऐसी ही एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से हम बालिकाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन में आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए आवश्यक कौशल भी प्रदान करेंगे। अगले चार सप्ताह तक इन 50 बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं समग्र विकास की पूरी जिम्मेदारी एनटीपीसी काँटी निभाएगी। इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने हेतु मैं सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों का आभार व्यक्त करता हूँ।”

इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  महेशकुमार सुथार ने कहा, “यह अभियान केवल बालिकाओं के जीवन में ही नहीं, बल्कि उनके परिवार एवं पूरे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनेगा। 28 दिनों के इस प्रशिक्षण के उपरांत ये बच्चियाँ अधिक आत्मविश्वासी, जागरूक एवं सशक्त बनकर निकलेंगी।”

कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संजीत कुमार सहित एनटीपीसी काँटी के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन देते हुए  संजीत कुमार ने सभी बालिकाओं, ग्रामीणों, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *