प्रयागराज। महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने प्रयागराज-नारायणपुर बाजार रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक शरद चंद्रायन, मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल सहित मंडल के शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड में रेलपथ एवं ट्रैक की स्थिति, ओएचई, सिग्नलिंग एवं परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं, पुल-पुलियों, लेवल क्रॉसिंग तथा रेलवे परिसंपत्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने रेल परिचालन की संरक्षा एवं दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं अनुरक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया । निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने गैपुरा स्टेशन के नवनिर्मित स्टेशन भवन एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं, उनके रखरखाव तथा यात्रियों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी ली और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात महाप्रबंधक श्री सिंह ने मिर्जापुर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लेने के साथ-साथ भविष्य की यात्री आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित विस्तार एवं विकास कार्यों की योजना की जानकारी ली । निरीक्षण के अगले चरण में महाप्रबंधक ने नारायणपुर बाजार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया तथा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के अगले क्रम में महाप्रबंधक ने चुनार–चोपन रेल लाइन से डीएफसीसीआईएल कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल परिचालन की दक्षता, यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना के विकास तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेलवे परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
