सोनभद्र । (जी.जी. न्यूज) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि रावर्ट्सगंज में जन्मे श्रीमती सरोज जालान और राजकुमार जालान के पुत्र सुमित जालान यूनाइटेड किंगडम के लंदन बरो ऑफ ब्रॉमली में काउंसलर निर्वाचित हुए हैं। कंज़र्वेटिव पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए सुमीत ने हाल ही में हुए स्थानीय चुनावों में विजय प्राप्त की। अब वे चेल्सफ़ील्ड क्षेत्र के निवासियों का प्रतिनिधित्व करेंगे, स्थानीय मुद्दों को उठाएंगे और ब्रॉमली काउंसिल की नीतिगत निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ब्रॉमली को लगातार लंदन के रहने के लिए सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रों में गिना जाता है।
रॉबर्ट्सगंज में पले-बढ़े सुमित जालान की यह यात्रा एक छोटे शहर से यूनाइटेड किंगडम में सार्वजनिक पद तक पहुँचने की प्रेरणादायक कहानी है, जो उनके कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और समाज सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है। सुमित वर्ष 2003 में MBA की पढ़ाई के लिए यूनाइटेड किंगडम गए, जहाँ उन्होंने University of Wales” से MBA की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने निवेश बैंकिंग और बिज़नेस स्ट्रैटेजी के क्षेत्र में लगभग दो दशकों का सफल अंतरराष्ट्रीय करियर बनाया। उन्होंने प्रमुख वित्तीय संस्थानों के साथ कार्य किया और भारत तथा मध्य पूर्व सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार करने वाली कंपनियों को रणनीतिक सलाह दी।
अपने पेशेवर जीवन के साथ-साथ सुमित समाज सेवा में भी सक्रिय रहे। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने लंदन में ज़रूरतमंद परिवारों तक 2,000 किलोग्राम से अधिक खाद्य सामग्री पहुँचाने का कार्य किया। इस सेवा के लिए उन्हें सांसद Gareth Bacon,“Member of Parliament for Orpington द्वारा “लोकल हीरो” के रूप में सम्मानित किया गया। उन्होंने बिगजलेबी दिवाली नामक वार्षिक सामुदायिक आयोजन की भी स्थापना की, जो चैरिटी के लिए धन जुटाने के साथ-साथ सामाजिक समावेशन और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देता है। समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें स्थानीय राजनीति में लेकर आई। मई 2026 के स्थानीय चुनावों में चेल्सफ़ील्ड के निवासियों ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें ब्रॉमली काउंसिल में अपना प्रतिनिधि चुना।
अपनी जीत के बाद सुमित जालान ने कहा, “यह उपलब्धि मेरे परिवार और मेरे दिवंगत भाई संकेत जालान को समर्पित है, जो आज भी मेरे जीवन में प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत हैं। मैं लोगों द्वारा मुझ पर जताए गए विश्वास के लिए हृदय से आभारी हूँ और चेल्सफ़ील्ड के निवासियों की पूरी निष्ठा से सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।” अपने बीच के होनहार छात्र को कठिन परिश्रम कर इस मुकाम पर पहुचने के लिए मित्रों शुभचिंतकों ने भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए बधाइयां और शुभकामनाएं दी। लोगों ने कहा कि सुमित जालान की यह यात्रा भावी पीढ़ी के छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
