सोनभद्र। दोनों पैरों में कई महीनों से ताकत नहीं होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ 34 वर्षीय युवक का आयुष्मान भारत योजना के तहत नेशनल हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर, धर्मशाला रोड में रीढ़ की हड्डी का जटिल ऑपरेशन किया गया। वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश पटेल ने सात सितंबर को सफल ऑपरेशन किया। चिकित्सक के अनुसार मरीज की हालत में सुधार है और जल्द ही उसके चलने-फिरने में सक्षम होने की उम्मीद है।
राबर्ट्सगंज निवासी रवि, पुत्र स्वर्गीय रामप्यारे, पिछले कई महीनों से दोनों पैरों में कमजोरी और सुन्नपन के कारण चल नहीं पा रहे थे। परिजन उपचार को लेकर परेशान थे। चिकित्सकों की सलाह पर रवि ने पांच सितंबर को नेशनल हॉस्पिटल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश पटेल से परामर्श लिया। जांच में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया, जिसके कारण दोनों पैरों में कमजोरी आ गई थी।
मरीज और परिजनों की सहमति के बाद सात सितंबर को ऑपरेशन किया गया। डॉ. अखिलेश पटेल ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा है और मरीज की स्थिति में सुधार हो रहा है। जल्द ही वह सामान्य रूप से चलने-फिरने में सक्षम हो सकता है। आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार मिलने से मरीज और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली। अस्पताल की प्रबंध निदेशक डॉ. आरपी सिंह और डॉ. अखिलेश पटेल के नेतृत्व में उपचार किए जाने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार जताया।
