प्रयागराज । रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नई दिल्ली-दानापुर-नई दिल्ली (04090/04089) आरक्षित सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के संचालन से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट/बर्थ प्राप्त करने में आसानी होगी तथा प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) से राहत मिलेगी। कम ठहराव और सुपरफास्ट गति के कारण यात्री अपने गंतव्य तक कम समय में पहुँच सकेंगे। इसके अतिरिक्त, आधुनिक एलएचबी कोचों के प्रयोग से यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुगम बनेगा। इस ट्रेन से दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर (गोविंदपुरी), प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा जैसे प्रमुख शहरों के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 04-04 फेरे लगाएगी।

गाड़ी संख्या 04090 (नई दिल्ली-दानापुर) दिनांक 04.09.2026 से 25.09.2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को नई दिल्ली से रात्रि 23:30 बजे प्रस्थान कर, दिल्ली जंक्शन (23:55/00:05), गाजियाबाद जंक्शन (00:48/00:50), अलीगढ़ जंक्शन (01:45/01:47), टूंडला जंक्शन (02:50/02:52), गोविंदपुरी (06:25/06:30), प्रयागराज जंक्शन (08:55/09:05), पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (11:10/11:20), बक्सर (12:30/12:32) और आरा (13:20/13:22) होते हुए अगले दिन दोपहर 15:00 बजे दानापुर पहुँचेगी।
वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 04089 (दानापुर-नई दिल्ली) दिनांक 05.09.2026 से 26.09.2026 तक प्रत्येक शनिवार को दानापुर से शाम 16:40 बजे प्रस्थान कर, आरा (17:08/17:10), बक्सर (17:50/17:52), पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (21:00/21:10), प्रयागराज जंक्शन (00:05/00:15), गोविंदपुरी (02:50/02:55), टूंडला जंक्शन (05:08/05:10), अलीगढ़ जंक्शन (06:30/06:32), गाजियाबाद जंक्शन (08:15/08:17) और दिल्ली जंक्शन (09:00/09:10) होते हुए अगले दिन सुबह 09:45 बजे नई दिल्ली पहुँचेगी। इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें 10 एसी तृतीय, 04 स्लीपर, 03 सामान्य/अनारक्षित श्रेणी, 01 जनरेटर कार तथा 01 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि वे इस विशेष रेल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
