माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रयागराज मंडल की सिविल एवं मेला प्रशासन के साथ प्रथम समन्वय बैठक सम्पन्न

Spread the love

श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए रेलवे और सिविल प्रशासन मिलकर करेंगे समयबद्ध तैयारियां

 प्रयागराज । आगामी माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रयागराज मंडल द्वारा सिविल प्रशासन एवं मेला प्रशासन के साथ प्रथम समन्वय बैठक आज संकल्प सभागार, प्रयागराज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल  रजनीश अग्रवाल ने की। बैठक में पुलिस आयुक्त, प्रयागराज पीयूष मोर्डिया मंडलायुक्त, प्रयागराज डॉ. लोकेश एम एवं जिलाधिकारी, प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक में  रेल प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम.एम. वारिस सहित प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ अधिकारी तथा जिला प्रशासन की ओर से अपर पुलिस आयुक्त, प्रयागराज मुख्यालय  विजय ढुल, उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण  ऋषि राज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त लखनऊ एवं वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा रेलवे, पुलिस, जिला एवं मेला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं मेला अधिकारी  दीपक कुमार ने पावर प्वॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से माघ मेला-2027 के दौरान रेलवे द्वारा प्रस्तावित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। सिविल एवं मेला प्रशासन द्वारा भी मेले से संबंधित तैयारियों, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की गई।

बैठक में मेला अवधि के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, विशेष ट्रेनों के संचालन, यात्री भीड़ के प्रभावी प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य यात्री सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। संभावित भीड़ एवं विभिन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मुख्य व्यवस्था के साथ-साथ वैकल्पिक कार्ययोजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। मेला यात्रियों की आवाजाही के दृष्टिगत प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन प्रमुख रहेंगे। बैठक में इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश एवं निकास, निर्धारित मार्गों, यात्री सुविधाओं तथा भीड़ के सुचारु संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मेला अवधि के दौरान यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सिविल प्रशासन से सुझाव दिया कि माघ मेला अवधि में प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन न किया जाए ताकि मेला यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के आवागमन पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। बैठक में प्रयागराज के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का रेलवे एवं सिविल प्रशासन द्वारा संयुक्त सर्वेक्षण किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। संयुक्त सर्वेक्षण के माध्यम से यात्री आवागमन, प्रवेश-निकास व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम चिन्हित किए जाएंगे।रेलवे एवं सिविल प्रशासन ने आपसी समन्वय, बेहतर योजना एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के साथ माघ मेला-2027 की तैयारियां पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *