कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस का हुआ आयोजन

Spread the love

 अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का आदेश

चन्दौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसानों ने बैठक में चंद्रप्रभा डैम से पानी गिरने रोकने, बेलन नदी पर बंजारिया, मझगाई और जनकपुर के कुलावा की मरम्मत, धान खरीद में अनियमितता, धान-गेहूं खरीद के समय कंट्रोल रूम की स्थापना सहित कई मुद्दे उठाए।

चंद्रप्रभा डैम से पानी कम करने के मुद्दे पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए पानी कम करना आवश्यक है, लेकिन केवल उतनी ही मात्रा निकाली जाएगी जितनी जरूरत है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि अगली फसल के लिए पानी की कोई समस्या नहीं होगी। किसानों ने जनपद में समस्त नहरों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और नहरों में गंदा पानी व मलबा गिरने पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

धान खरीद में अनियमितता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को तत्काल गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जब भी सर्वे करने जाएं, तो क्षेत्रीय किसानों को फोन कर बुलाएं, उनसे वार्ता करें, सुझाव प्राप्त करें और समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं, कृषि अधिकारी, डिप्टी आरएमओ, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और किसान संगठनों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *