फरीदाबाद में गर्ल एम्पावरमेंट मिशन 2026 का भावपूर्ण समापन

Spread the love

सपनों, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का उत्सव

फरीदाबाद।एनटीपीसी फरीदाबाद में को गर्ल एम्पावरमेंट मिशन (GEM)-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। एक माह तक चले इस आवासीय कार्यक्रम ने आसपास के क्षेत्रों की बालिकाओं के जीवन में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता का नया संचार किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि दिवाकर कौशिक,क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर क्षेत्र) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (NSPCL) थे। कार्यक्रम में सीमा कौशिक,अध्यक्ष, उत्तरा क्लब, शगुना गहिलोत, प्रोग्राम एनालिस्ट,वीमेन्स इकोनॉमिक एम्पावरमेंट (WEE), UN Women, तथा भूमिका पंवार,प्रोग्राम ऑफिसर,प्राइवेट सेक्टर एंड एम्प्लॉयमेंट,WEE प्रोग्राम,UN Women विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

समारोह में फरीदाबाद एवं बदरपुर के परियोजना प्रमुख  आशुतोष सतपथी,बी. वेंकटेश्वर,महाप्रबंधक (वित्त),के. श्रीलता, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन),निशांत गर्ग,अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),फरीदाबाद स्टेशन एवं यूएजी फाइनेंस के वरिष्ठ अधिकारी, फीएन (FEAN) कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रतिभागी बालिकाओं के अभिभावक तथा एनटीपीसी परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह प्रारंभ होने से पूर्व UN Women की प्रतिनिधियों ने GEM प्रतिभागी बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया तथा उन्हें बड़े सपने देखने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ के. श्रीलता,अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन)के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके पश्चात परियोजना प्रमुखआशुतोष सतपथी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर सीखने, आगे बढ़ने और उत्कृष्टता प्राप्त करने का संदेश दिया।

UN Women की प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि गर्ल एम्पावरमेंट मिशन संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नेतृत्व क्षमता एवं जीवन कौशल के माध्यम से बालिकाओं का सशक्तिकरण एक समावेशी, समानतापूर्ण एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है।

अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि दिवाकर कौशिक ने बालिकाओं को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी सपना असंभव नहीं होता। उन्होंने सामुदायिक विकास एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एनटीपीसी द्वारा संचालित प्रभावी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहलों की सराहना की।

कौशिक ने GEM समिति एवं स्वयंसेवकों की भी विशेष प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम के उत्कृष्ट नियोजन, सुव्यवस्थित संचालन तथा समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे एक माह तक बालिकाओं के प्रति समिति सदस्यों द्वारा प्रदर्शित मातृवत स्नेह, देखभाल एवं संरक्षण ने इस कार्यक्रम को प्रत्येक प्रतिभागी के लिए अविस्मरणीय और जीवन परिवर्तनकारी अनुभव बना दिया।

समारोह का सबसे भावुक एवं आकर्षक क्षण तब आया जब GEM प्रतिभागी बालिकाओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों में एक माह की उनकी प्रेरणादायी यात्रा—संकोच से आत्मविश्वास तक, सीखने से नेतृत्व तक—का सजीव चित्रण देखने को मिला। बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह ने GEM-2026 की सफलता को साकार रूप में प्रस्तुत किया।

गर्ल एम्पावरमेंट मिशन-2026 के एक और सफल अध्याय के समापन के साथ एनटीपीसी फरीदाबाद ने बालिकाओं के समग्र विकास, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः दोहराते हुए यह संदेश दिया कि प्रत्येक बालिका के सपनों को नई उड़ान देने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *