शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है – इंदु सिंह

Spread the love

रेणुपाॅवर प्राथमिक पाठशाला में 101 छात्र-छात्राओं को बैग वितरण

अनपरा, सोनभद्र। दिशिता महिला मंडल रेनूसागर द्वारा प्राथमिक पाठशाला रेनूसागर में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के 101 छात्र-छात्राओं को विद्यालयी बैग वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह एवं आनंद का वातावरण देखने को मिला।

 दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदू सिंह ने बच्चों को अपने कर-कमलों द्वारा बैग वितरित किए। उनके साथ  निशा पांडेय एवं दिशिता महिला मंडल की सचिव श्रीमती तूलिका श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बैग प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। छात्र-छात्राओं ने महिला मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अत्यंत उत्साह एवं प्रसन्नता प्रकट की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षक,शिक्षिकाओं ने इस पहल की सराहना की।

दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या  इंदू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि – “शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है”। उन्होंने सभी बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका  सीमा दुबे ने  महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या एवं अन्य सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली मुस्कान इस सेवा कार्य की सफलता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *