नवागत एसडीएम से मिला दुद्धी प्रेस क्लब का प्रतिनिधि मंडल, बेहतर समन्वय पर चर्चा

Spread the love

– आदिवासी बहुल क्षेत्र की जनसमस्याओं व राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण का भरोसा

दुद्धी (सोनभद्र)। नवागत उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान से दुद्धी प्रेस क्लब के एक प्रतिनिधि मंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। बलिया जनपद के रसड़ा तहसील से स्थानांतरित होकर आए नवागत एसडीएम का पत्रकारों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष रमेश यादव की अगुवाई में पहुंचे पत्रकारों ने उन्हें भगवान बुद्ध और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।

औपचारिक मुलाकात के दौरान पत्रकारों और नवागत उपजिलाधिकारी के बीच क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई। एसडीएम रवि कुमार पासवान ने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहाँ भूमि संबंधी विवाद और राजस्व से जुड़े मामले अधिक सामने आते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन मामलों का समाधान पूरी निष्पक्षता, मौके की वास्तविक स्थिति और कानून के प्रावधानों के आधार पर किया जाएगा ताकि आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सके।

संवाद के दौरान एसडीएम रवि कुमार पासवान ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन और मीडिया के बीच एक मजबूत और सकारात्मक समन्वय स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और जनहित के मुद्दों को उजागर करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शासन की प्राथमिकताओं को आम जनता तक पहुँचाने और क्षेत्र के विकास में मीडिया का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने तहसील कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। शिष्टाचार मुलाकात के मौके पर दुद्धी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रमेश यादव, सचिव रवि सिंह, मनीष, श्याम सहित अन्य कई वरिष्ठ पत्रकार एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *