विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने परखी व्यवस्था

Spread the love

 पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
 स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष, प्रशिक्षण स्थल व वाहनों के आवागमन की व्यवस्था का लिया जायजा
0 राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क को प्रशिक्षण स्थल के रूप में किया गया चिन्हित
0 निर्वाचन की प्रत्येक व्यवस्था का पहले से हो सुव्यवस्थित प्रबंधन- जिलाधिकारी
0 मतगणना की व्यवस्थाओं का भी किया बारीकी से निरीक्षण

सोनभद्र। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अभी से व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी एवं राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने मतदान पार्टियों की रवानगी, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना कक्ष के लिए प्रस्तावित स्थलों को देखा। उन्होंने विशेष रूप से यह जानकारी ली कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय बसें एवं अन्य वाहन कहां खड़े होंगे, वाहनों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था किस प्रकार रहेगी तथा मतदान कार्मिकों को ड्यूटी वितरण किस स्थान से और किस प्रकार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मतगणना के लिए प्रस्तावित हॉलों का निरीक्षण करते हुए मतगणना एजेंटों के प्रवेश द्वार, स्ट्रांग रूम के लिए उपयुक्त स्थान तथा मतगणना से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यवस्था को इस प्रकार तैयार किया जाए कि निर्वाचन के दौरान मतदान कार्मिकों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क को निर्वाचन प्रशिक्षण स्थल के रूप में चिन्हित किया गया। यहां पूर्व निर्वाचन में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया था। जिलाधिकारी ने कॉलेज के हॉल का निरीक्षण कर मतदान कार्मिकों के बैठने की क्षमता एवं प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं को परखा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियों पर समय रहते आवश्यक अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से लेकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, स्ट्रांग रूम और मतगणना तक प्रत्येक चरण की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, लेखपाल रत्नेश शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *