प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को जानने के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेन में ‘रेल जन संवाद’ आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से रेल अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों से संवाद किया गया। उन्होंने यात्रियों के यात्रा अनुभवों, समस्याओं एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए उनके विचार प्राप्त किए। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 13051 नेताजी एक्सप्रेस में यात्रियों से संवाद कर ट्रेन में साफ-सफाई एवं यात्रा के दौरान उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), श्री एम.एम. वारिस एवं वरिष्ठ मंडल गृह एवं रखरखाव प्रबंधक श्री विक्रम सिंह कोली उपस्थित रहे।
वहीं, प्रयागराज छिवकी जंक्शन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने यात्रियों से जन संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। मानिकपुर जंक्शन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट), श्रीमती शीरत फातिमा ने यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। इसी प्रकार फतेहपुर जंक्शन पर वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता द्वारा यात्रियों से जन संवाद किया गया। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार एवं सहायक पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक अनुराग चौधरी ने यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन की साफ-सफाई एवं यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त किए।
प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए रेल सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। रेल जन संवाद के माध्यम से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक के आधार पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा यात्रियों को सुखद एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
