मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड एवं जन शिकायतों की समीक्षा बैठक की

Spread the love

 निर्माण कार्यों, जल जीवन मिशन और राजस्व प्रगति पर विशेष जोर

 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को  ग्राम पंचायतों एवं अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

सोनभद्र। विंध्याचल मंडल मिर्जापुर के आयुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के फ्लैगशिप कार्यक्रमों एवं जनसुनवाई शिकायतों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने एडीएम (नमामि गंगे) को 15 गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण हेतु प्रतिदिन प्रातः 10 से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करने को कहा। विकास कार्यों एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा में उपायुक्त उद्योग को कम ऋण वितरण करने वाले बैंक प्रबंधकों के साथ जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए आयुक्त ने एडीएम (राजस्व) को सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने तथा प्रतिदिन सायंकाल सभी उप जिलाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए। बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 21 जून को सलखन में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री संजीव गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा सभी ग्राम पंचायतों एवं अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित राजस्व, विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *