ऊर्जा व पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी की अनूठी पहल: पैदल पहुंचे कलेक्ट्रेट

Spread the love

 अधिकारियों-कर्मचारियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील

सोनभद्र।  ऊर्जा संरक्षण, पेट्रोलियम बचत एवं पर्यावरण सुरक्षा के संबंध में किए जा रहे राष्ट्रव्यापी आह्वान के क्रम में जनपद सोनभद्र में भी प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल प्रारम्भ की गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के समस्त विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की है कि पेट्रोलियम उत्पादों की बचत हेतु आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण, बैठक, सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, किसान दिवस एवं मासिक समीक्षा बैठकों में प्रतिभाग करें, जिससे अनावश्यक ईंधन खपत को कम किया जा सके।
ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अपने आवास से कलेक्ट्रेट कार्यालय पैदल पहुंचे। कहा कि राष्ट्रहित में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिवर्तन का आधार बनते हैं तथा ईंधन बचत प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि सप्ताह में कम से कम दो दिवस ऐसे निर्धारित किए जाएं, जब फील्ड भ्रमण न हो, उस दिन कार्यालय आने-जाने हेतु बस, ई-रिक्शा एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग किया जाए। साथ ही विभागीय बैठकों को अधिकाधिक ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किए जाने पर भी बल दिया जाये, ताकि समय, संसाधन एवं पेट्रोलियम की बचत सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *