हर घर नल जल योजना की जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
सोनभद्र। जनपद में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ एवं शिकायतमुक्त बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हर घर नल जल योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर से पेयजल संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। जहां कहीं भी पेयजल आपूर्ति में समस्या हो, उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी भीषण गर्मी एवं मई माह को ध्यान में रखते हुए सभी ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में निर्बाध, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, पेयजल आपूर्ति केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक घर तक वास्तविक रूप से पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाये।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देश देते हुए कहा कि यदि पेयजल आपूर्ति में लापरवाही की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी हर घर नल योजना के अन्तर्गत जिन 364 राजस्व गांवों में पेयजल की आपूर्ति हेतु जल जीवन मिशन द्वारा सुची उपलब्ध करायी गयी है उन सभी राजस्व गावों में हर घर नल जल योजना के तहत जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाये यदि किसी प्रकार की समस्या होतो उसका निराकरण 10 दिवस के अन्दर निराकरण कर लिया जाये। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
