बच्चों की शिक्षा के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक तैनात करने के निर्देश
चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बालगृह में रह रहे अनाथ बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य और देख-रेख की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर देखभाल पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन कर बच्चों की पढ़ाई के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक नियुक्त करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का एक संवेदनशील रूप भी देखने को मिला उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें बिस्कुट व चिप्स बांटे, साथ ही हाल ही में आई 9 माह की मासूम बच्ची को गोद में उठाकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार और सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
