जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

Spread the love

मूलभूत सुविधाओं को बेहतर रखने के दिए निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के सम्बद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विभिन्न पटल ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष सहित अन्य पटल की भ्रमण कर विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की स्थिति, समयबद्ध उपचार व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद करते हुए अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। 

जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से डॉक्टरों की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता एवं दवाओं की पर्याप्त आपूर्ति तथा कैंटीन में मरीजों के लिए तैयार किये जा रहे खाने की गुणवत्ता एवं कैंटीन में आने वाले पैकेजिंग फूड पर एक्सपायरी डेट आदि की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के लिए सभी चिकित्सक एवं स्टाफ पूर्ण ज़िम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता परिलक्षित होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रिंसिपल मेडिकल कालेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित चिकित्सक गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *