जिलाधिकारी, सीडीओ ने गौ संरक्षण केंद्र पहुंचकर की पूजा-अर्चना, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Spread the love

गौ सेवा संकल्प के साथ सख्त हुआ प्रशासन, छुट्टा पशुओं पर चलेगा अभियान

सोनभद्र। गौवंश संरक्षण को लेकर प्रशासन ने अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद स्थित गौ संरक्षण केंद्र पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की और गुड़-केला खिलाया। इसके बाद उन्होंने आश्रय स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। डीएम ने चारा, राशन और पोषण सामग्री की उपलब्धता देखी। पर्याप्त सामग्री मिलने पर संतोष जताते हुए उन्होंने साफ-सफाई, पानी, चारा और पोषण की व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ आश्रय स्थलों में पशुओं की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही जिले में नए गौ आश्रय स्थल तैयार होंगे। अधिक संख्या वाले आश्रय स्थलों से जरूरत के अनुसार गोवंश को दूसरे केंद्रों में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने निराश्रित और छुट्टा पशुओं को अभियान चलाकर पकड़ने तथा गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित करने के निर्देश दिए। इससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान सीडीओ जागृति अवस्थी, सीएमओ डॉ.अजय कुमार मिश्र, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *