सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक क्षेत्र के जैत गांव में अम्बेडकर स्थल से बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर इंटरलाकिंग खड़ंजे पर कीचड़युक्त मिट्टी जमा होने से ग्रामीणों की मुश्किल बढ़ गई है। हल्की बारिश होते ही रास्ता फिसलन भरा हो जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत ने आवागमन की सुविधा के लिए इंटरलाकिंग लगवाई, लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से खड़ंजे पर मिट्टी और कीचड़ जमा हो गया है। आरोप है कि गांव में सफाई कर्मचारी की तैनाती के बावजूद गलियों, स्कूल और मंदिरों की समुचित सफाई नहीं होती। अमृत लाल, श्यामलाल, बाबूलाल, राजू और तेजबली ने बताया कि इंटरलॉकिंग से मिट्टी हटवाने के साथ बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था कर दी जाए तो समस्या दूर हो सकती है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश ने बताया कि मौसम साफ होते ही गीली मिट्टी हटाकर जेएसबी डलवाई जाएगी।
इंटरलाकिंग खड़ंजे पर कीचड़ जमा होने से जैत गांव में राहगीरों की राह मुश्किल
