सोनभद्र। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 में महुड़ी खुर्द-पीथा-सहिजन संपर्क मार्ग की जर्जर और कीचड़युक्त हालत को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं लोहिया वाहिनी के विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और नागरिकों ने हाथों में जूते-चप्पल लेकर प्रदर्शन किया और जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
विवेक सिंह पटेल ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव से आवागमन मुश्किल हो जाता है। छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने नगर पालिका और विधायक निधि से सड़क निर्माण कराने की मांग की। स्थानीय महिला उर्मिला देवी ने कहा कि गड्ढों और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कत होती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा “जब तक रोड नहीं, तब तक वोट नहीं।
